
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज नवीन शाहदरा से 14 दिनों का संगठनात्मक प्रवास कार्यक्रम शुरू किया। इस दौरान आदेश गुप्ता ने प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और पार्षदों के साथ बैठक कर पार्टी के विस्तार पर चर्चा की और विकास कार्यों की जानकारी ली।
14 दिनों का संगठनात्मक प्रवास कार्यक्रम शुरू
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज यानि बृहस्पतिवार को नवीन शाहदरा से 14 दिनों का संगठनात्मक प्रवास कार्यक्रम शुरू किया। इस दौरान आदेश गुप्ता ने प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और पार्षदों के साथ बैठक कर पार्टी के विस्तार पर चर्चा की और विकास कार्यों की जानकारी ली। आदेश गुप्ता ने नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में बताया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से कोरोना काल में हुई समस्याओं पर बातचीत की।
भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी- गुप्ता
आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी है, उनकी बदौलत ही विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है, उनकी मेहनत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को सशक्त नेतृत्व मिला है। इसी वजह से संगठन की कोशिश रहती है कि हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का मौका दिया जाए। उन्होंने कहा कि इन्हीं बातों का ध्यान रखते हुए रायशुमारी के जरिए जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष को चुना गया है। आदेश गुप्ता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने अपने स्वास्थ्य की चिंता किए बगैर जरूरतमंदों की हर संभव मदद की है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और कार्यकर्ता अब भी इस सेवा में लगे हुए हैं।
गुप्ता ने मास्क बांटने पर महिला मोर्चा की सराहना की
आदेश गुप्ता ने मास्क बनाकर बांटने पर महिला मोर्चा के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के उद्देश्य के साथ जनता की समस्याओं का निदान करने को संकल्पित है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मास्टर बिनोद कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश जैन, विधायक जितेंद्र महाजन, पूर्व महापौर हर्ष मल्होत्रा, नेता सदन प्रवेश शर्मा, पूर्व विधायक नरेश गौड़ और रंजीत कश्यप आदि मौजूद रहे।