
पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में रामनवमी के दूसरे दिन शुक्रवार को भी हिंसा हुई। उपद्रवियों ने हावड़ा और संभाजीनगर में मंदिरों पर पत्थरबाजी की। इससे पहले गुरुवार को देशभर में रामनवमी के मौके पर राज्यों में हिंसा और आगजनी की खबरें भी सामने आई थीं। गुजरात के वडोदरा, महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर-जलगांव, पश्चिम बंगाल के हावड़ा-इस्लामपुर और उत्तर प्रदेश के लखनऊ में दो समुदायों के बीच झड़प के बाद पथराव और आगजनी की घटनाएं हुईं। बिहार के सासाराम और नालंदा में भी हिंसा हुई है। नालंदा के बिहारशरीफ में फायरिंग हुई है, जिसमें 7 लोगों को गोली लगी है, दो गुटों में पत्थरबाजी भी हुई। घरों पर बम भी फेंके गए। तीन राज्यों में अब तक 80 लोगों को हिरासत में लिया गया है, इनमें गुजरात में 24, महाराष्ट्र में 20 और बंगाल में 36 लोग शामिल हैं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के राज्यपाल से घटना की जानकारी ली है।