UP: हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़, 122 की मौत, 150 से ज्यादा घायल

उत्तर प्रदेश के हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। इसमें अब तक 122 लोगों की मौत हुई है, जबकि 150 से अधिक घायल हैं। कई लोगों की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। यह हादसा हाथरस जिले के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव रतीभानपुर गांव में हुआ है।

दर्दनाक हादसा में अब तक 122 की मौत
हाथरस के रतीभानपुर गांव में आज मंगलवार (2 जुलाई) को एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां आयोजित भोले बाबा के सत्संग के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस भगदड़ में मरने वालों की संख्या में अब तक 122 और घायलों की संख्या 150 तक पहुंच गया है। इस वजह से पूरे राज्य भर में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले से संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए युद्ध स्तर पर काम करने का कड़ा निर्देश जारी किया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार को घटनास्थल पर पहुंचने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं।

दर्दनाक हादसे पर नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
हाथरस में हुए दर्दनाक हादसे में मारे गए लोगों पर देश के कई बड़े नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अन्य नेता शामिल हैं। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बड़े अधिकारियों से स्थिति पर काबू पाने के लिए घटनास्थल पर जाने का निर्देश दिया है, वहीं राज्य के बड़े नेता भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ट्वीट- यूपी के हाथरस में सत्संग में भगदड़ मचने से मारे गए लोगों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी, संदीप सिंह जी घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं तथा प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को घटनास्थल पर पहुंचने हेतु निर्देशित किया है। एडीजी, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु का ट्वीट- उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

मल्लिकार्जुन खरगे का ट्वीट- उत्तर प्रदेश के हाथरस के सत्संग में भगदड़ मच जाने से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद पीड़ादायक है। हादसे के दृश्य अत्यंत हृदय विदारक हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। सरकार एवं प्रशासन से आग्रह करते हैं कि घायलों के उपचार में कोई कमी न रखें और पीड़ितों को त्वरित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि हादसे में पीड़ित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाएं।

प्रियंका गांधी का ट्वीट- हाथरस, उत्तर प्रदेश में सत्संग के दौरान भगदड़ की वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मृत्यु एवं कई के घायल होने का समाचार हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। राज्य सरकार से मेरी अपील है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा देने एवं घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए।

पुष्कर सिंह धामी का ट्वीट- हाथरस के रतीभानपुर में सत्संग के समापन के दौरान भगदड़ मचने से बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

Load More Related Articles
Load More By RN Prasad
Load More In देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने कांग्रेस जॉइन की, दोनों लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस में शामिल हो गए…