
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर राज्य की सत्ता पर काबिज होने जा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ को आज फिर से सीएम चुने जाने को लेकर लखनऊ में विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें योगी आदित्यनाथ को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है।
योगी आदित्यनाथ कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
योगी आदित्यनाथ को आज 24 मार्च 2022 को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। योगी आदित्यनाथ के नाम का प्रस्ताव पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेश खन्ना ने रखा। लखनऊ के लोकभवन में हुई इस विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रघुबर दास और भाजपा के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे। अब योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। योगी आदित्यनाथ कल यानि 25 मार्च 2022 को शाम के साढ़े चार बचे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। 37 साल के बाद यह पहला मौका है कि जब यूपी का कोई मुख्यमंत्री दूसरी बार सत्ता पर काबिज होने जा रहा है।
मौर्य और शर्मा उप मुख्यमंत्री बने रह सकते हैं !
ध्यान रहे कि इससे पहले योगी आदित्यनाथ कल दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने शीर्ष नेतृत्व से सरकार गठन को लेकर चर्चा की। सूत्रों का कहना है कि भाजपा केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाए रख सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कल करीब 46 मंत्री शपथ ले सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि 2 पूर्व अधिकारी असीम अरुण और राजेश्वर सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है।
योगी के शपथ ग्रहण में पीएम मोदी होंगे शामिल
योगी आदित्यनाथ सरकार का शपथ ग्रहण समारोह लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। हाल में संपन्न उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने सहयोगियों के साथ 403 सदस्यीय विधानसभा में 273 सीटों पर जीत दर्ज की है।