रूस और यूक्रेन में चल रही तनातनी ने अब जंग का रूप ले लिया है। रूस ने आज यूक्रेन से जंग का ऐलान कर दिया है। रूस ने सैन्य कार्रवाई करते हुए मिसाइलों से यूक्रेन के एयरबेस और सैन्य अड्डे पर हमला किया।
ब्लादिमीर पुतिन ने की युद्ध की घोषणा
यूक्रेन के साथ जारी गतिरोध के बीच रूस ने आज 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला कर दिया है। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने इसकी औपचारिक घोषणा की। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन की सेना को सरेंडर करने के लिए कहा तथा उसने साफ किया कि उसका मकसद यूक्रेन पर कब्जा नहीं है। इसके साथ ही रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ रूसी ऑपरेशन में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई का संकल्प लिया है। वहीं, इस घोषणा के बाद संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने पुतिन से युद्ध रोकने की अपील की है। यूएन ने कहा है कि रूस अपने सैनिकों को हमला करने से रोके।
जेलेंस्की ने की देश में मार्शल लॉ लगाने की घोषणा
इस बीच न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, रूस के युद्ध की घोषणा के बाद यूक्रेन की राजधानी कीव समेत यूक्रेन के कई शहरों में धमाके शुरू होने की खबर है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का कहना है कि यूक्रेन ने रेड लाइन पार की है। रूस के सैन्य हमले शुरू करने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने देश में ‘मार्शल लॉ’ लगाने की घोषणा की है, उन्होंने यूक्रेन में रह रहे नागरिकों से नहीं घबराने का आग्रह किया है।