
पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार ने आज एक बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार के बाद अब पंजाब सरकार भी पंजाब में महिलाओं के लिए सरकारी बसों की सेवा फ्री करने जा रही है।
महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा कल से शुरू
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज 31 मार्च को पंजाब में महिलाओं के लिए सरकारी बसों की सेवा फ्री करने के आदेश दिए हैं। महिलाओं के लिए सरकारी बसों में फ्री सेवा करने के आदेश के बाद पंजाब में कल यानि 1 अप्रैल, 2021 से सरकारी बसों में महिलाएं फ्री में सफर कर सकेंगी। महिलाओं को बस में सफर करते वक्त आधार कार्ड, वोटर पहचान पत्र या अन्य सरकारी प्रमाण पत्र दिखाना होगा। फ्री बस सेवा पंजाब सरकार की वोल्वो, HVAC (हीटिंग वेंटिलेशन एयर कंडीशनिंग) और वातानुकूलित बसों में नहीं मिलेगी।
सीएमओ की तरफ से जारी हुआ बयान
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, ‘पंजाब में महिलाएं सभी सरकारी बसों में 1 अप्रैल, 2021 से फ्री में सफर कर सकती हैं, इस संबंध में पंजाब कैबिनेट ने आज अपनी मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर इस योजना की घोषणा की थी। इस योजना का फायदा पंजाब में 1.31 करोड़ महिलाओं/लड़कियों को होगा। 2011 की जनगणना के मुताबिक, पंजाब की कुल जनसंख्या 2.77 करोड़ है, जिसमें 1,46,39,465 पुरुष और 1,31,03,873 महिलाएं हैं। ध्यान रहे कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार की फ्री राइड योजना के तहत डीटीसी और क्लस्टर बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा कर रही हैं।
चुनाव के मद्देनजर फ्री बस सेवा की शुरुआत
पंजाब में अगले साल 2022 विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और ऐसा माना जा रहा है कि पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार ने विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए ही महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा का नियम लागू किया है। अमरिंदर सिंह ने पहले ही साफ कर दिया है कि वे चुनाव लड़ने के लिए बिल्कुल फिट हैं और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाग लेंगे। हालांकि, 2016 के पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान अमरिंदर सिंह ने कहा था कि वे इस बार अंतिम चुनाव लड़ रहे हैं।