बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में जदयू के मनोज कुशवाहा महागठबंधन के उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। दरअसल, यह सीट राजद के अनिल सहनी के अयोग्य घोषित किए जाने के बाद खाली हुई है।
कुढ़नी सीट पर 5 दिसंबर को डाले जाएंगे वोट
बिहार विधानसभा की कुढ़नी सीट के लिए उपचुनाव में महागठबंधन की तरफ से उम्मीदवार को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। महागठबंधन की तरफ से आज 12 नवंबर को कुढ़नी सीट के लिए उपचुनाव में उम्मीदवार की घोषणा कर दी गई है। कुढ़नी विधानसभा सीट पर महागठबंधन की तरफ से जदयू के मनोज कुशवाहा उम्मीदवार होंगे। ध्यान रहे कि कुढ़नी विधानसभा सीट पिछले चुनाव के आधार पर राजद के पास थी, यह सीट राजद के अनिल सहनी के अयोग्य घोषित किए जाने के बाद खाली हुई है, सांसद रहते हुए फर्जी यात्रा भत्ता के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनिल सहनी को दोषी पाया था और इसके बाद उनकी सदस्यता खत्म हो गयी थी। कुढ़नी विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए 5 दिसंबर 2022 को मत डाले जाएंगे, जबकि मतगणना 8 दिसंबर 2022 को होंगे।
दो बार कुढ़नी से MLA रह चुके हैं सहनी
गौरतलब है कि मनोज कुशवाहा 2005 से लेकर 2015 तक कुढ़नी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं, 2020 में ये सीट एनडीए कोटे से भाजपा के खाते में चली गई थी, यहां से 2015 में भाजपा के केदार गुप्ता ने जीत हासिल की थी, लेकिन 2020 के चुनाव में उन्हें राजद के अनिल कुमार सहनी से 712 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। 2020 में कुढ़नी से भाजपा उम्मीदवार के चुनाव लड़ने के कारण मनोज कुशवाहा को मुजफ्फरपुर की मीनापुर से टिकट दिया गया था, लेकिन बाद में विरोध के बाद उन्होंने सिंबल लौटा दिया था।