कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले आज भारत की उम्मीदों को एक बड़ा झटका लगा है। विश्व के बेहतरीन जैवलिन थ्रोअर व हाल ही में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 से बाहर हो गए हैं।
चोटिल होने के कारण नीरज कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का आयोजन बर्मिंघम में होना है, इससे ठीक पहले भारत की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। भारत के लिए टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल और हाल ही में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर हो गए हैं, वे चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं। डीडी न्यूज के मुताबिक, इंडियन ओलम्पिक एसोसिएशन के अधिकारी राजीव मेहता ने आज 26 जुलाई 2022 को बताया कि नीरज चोपड़ा चोटिल हो गए हैं, इस वजह से वे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
नीरज चोपड़ा का मुकाबला 5 अगस्त को होना था
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के बाद नीरज का एमआरआई स्कैन हुआ था, इसमें ग्रोइन इंजरी की बात सामने आई, लिहाजा नीरज चोपड़ा को करीब 1 महीने तक आराम की सलाह दी गई है, इसी वजह से वे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 से बाहर हुए हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में नीरज चोपड़ा का मुकाबला 5 अगस्त 2022 को होना था, लेकिन नीरज चोपड़ा के बाहर होने से भारत को झटका लगा है। जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा के बाहर होने के बाद भारत को रोहित यादव और डीपी मनु से उम्मीदें होंगी।