भारतीय जनता पार्टी के नेता माणिक साहा ने आज त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। माणिक साहा को बिप्लव देव के इस्तीफे का बाद भाजपा ने यह जिम्मेदारी सौंपी है। माणिक साहा ने साल 2016 में कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए थे।
माणिक साहा ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
माणिक साहा ने आज 15 मई 2022 को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप शपथ ली है। माणिक साहा राज्य के 11वें मुख्यमंत्री बने हैं। माणिक साहा ने इस पद पर बिप्लव देव का स्थान लिया है। त्रिपुरा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने दरबार हॉल में एक सादे समारोह में माणिक साहा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। माणिक साहा ने अकेले ही शपथ ली, क्योंकि मुख्यमंत्री के अचानक बदलने के बाद विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के बीच बड़े पैमाने पर कथित असंतोष के कारण पार्टी ने अभी तक उनके कैबिनेट सदस्यों की सूची को अंतिम रूप नहीं दिया है।
विप्लव देव शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए
बिप्लव कुमार देव के मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा और राम प्रसाद पॉल समेत 3 पूर्व मंत्री तथा कई विधायक शपथ ग्रहण समारोह से दूर रहे। विप्लव देव हालांकि रतन लाल नाथ और आईपीएफटी नेता एवं पूर्व आदिवासी कल्याण मंत्री मेवार कुमार जमातिया तथा कुछ अन्य विधायकों और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के साथ शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थे।
हमारे लिए कोई राजनीतिक चुनौती नहीं- साहा
मुख्यमंत्री बनने के बाद माणिक साहा ने कहा कि ‘हम पीएम मोदी और भाजपा के विकास के मुद्दे को लेकर आगे बढ़ेंगे। हम त्रिपुरा के लोगों के मुद्दों को हल करने के साथ-साथ राज्य में कानून-व्यवस्था को भी बढ़ाएंगे। हमारे लिए कोई राजनीतिक चुनौती नहीं है।’